विदर्भस्तरीय युवा शिविर का भव्य आयोजन
राष्ट्र निर्माण और युवा जागृति का गूंजा शंखनाद

चांदा ब्लास्ट
– शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में युवाओं ने लिया *व्यसन मुक्ति और जीवन साधना का संकल्प*
– प्रबुद्ध अतिथियों ने कहा
– *”युवाओं के नैतिक उत्थान से ही भारत पुनः बनेगा विश्वगुरु”*
– आदरणीय सुधीर भाऊ मुनगंटीवार एवं सौ सपना ताई मुनगंटीवार के नेतृत्व और मार्गदर्शन में *8 से 11 जनवरी 2027 में होने वाले ‘251 कुंडीय राष्ट्र शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ’* की हुई भव्य उद्घोषणा
*चंद्रपुर।* अखिल विश्व गायत्री परिवार युवा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में महेश भवन में *’विदर्भस्तरीय एक दिवसीय युवा शिविर’ का अत्यंत गरिमामय एवं भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।*
*”युवा जागे, युग जागे!”* के मूल मंत्र के साथ आयोजित इस शिविर में विदर्भ के सभी जिलों से कुल 350 से अधिक ऊर्जावान युवाओं और 150 से अधिक वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने विशेष रूप से उपस्थित रहकर इस आयोजन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाया।
कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ वैदिक परंपरा के अनुसार देवमंच पर गुरुवंदना और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात उपस्थित सभी अतिथियों एवं मार्गदर्शकों का स्वागत गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं द्वारा पावन मंत्रोच्चार के साथ ‘मंत्र दुपट्टा’ ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। कार्यक्रम की प्रास्ताविक भूमिका चंद्रपुर युवा प्रकोष्ठ श्री रत्नाकर हजारे द्वारा रखी गई, जिसमें उन्होंने युवा शक्ति की महत्ता और शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। मंच का कुशल संचालन सौ. शीतल वासलवार, सौ. वर्षा बेस तथा नागपुर से आए युवा प्रतिनिधि श्री आशीष श्रीवास्तव एवं स्थानीय युवाओं की टोली ने संयुक्त रूप से किया।
*विषय आधारित विभिन्न सत्रों में मिला प्रखर मार्गदर्शन:*
प्रथम एवं तृतीय सत्र (राष्ट्र निर्माण, युवा जागृति एवं व्यक्तित्व विकास): शिविर के पहले और तीसरे सत्र में शांतिकुंज हरिद्वार के प्रतिनिधि श्री आशीष सिंह जी ने युवाओं का मुख्य मार्गदर्शन किया। उन्होंने *’राष्ट्र निर्माण एवं युवा जागृति अभियान’ तथा ‘व्यक्तित्व विकास और जीवन साधना’* विषयों पर विचार रखते हुए कहा कि युवाओं का चरित्र ही राष्ट्र की असली पूंजी है। आत्म-साधना और उत्कृष्ट व्यक्तित्व के बल पर ही एक समर्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।
*द्वितीय सत्र (व्यसन मुक्ति):* शिविर के दूसरे सत्र में प्रसिद्ध विशेषज्ञ *डॉ. वरुण माणिक जी ने ‘व्यसन मुक्ति’ विषय पर युवाओं का प्रखर मार्गदर्शन किया*। उन्होंने वैज्ञानिक व सामाजिक दृष्टिकोण से युवाओं को हर प्रकार के व्यसनों व कुरीतियों से दूर रहने की अपील की और उन्हें एक स्वस्थ, अनुशासित और संस्कारवान जीवन जीने की प्रेरणा दी।
*प्रमुख अतिथियों ने साझा किए अपने प्रखर विचार:*
इस अवसर पर क्षेत्र के प्रमुख सामाजिक व राजनैतिक नेतृत्व ने मंच की शोभा बढ़ाई और युवाओं को राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया:
*श्री रोडमल गहलोद*(जिला अध्यक्ष, विश्व हिन्दू परिषद): उन्होंने अपने संबोधन में कहा, *”आज के युवाओं को अपने गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक मूल्यों को समझने की आवश्यकता है। युवा शक्ति केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत है। जब हमारा युवा संस्कारित और अनुशासित होगा, तभी हमारा धर्म और राष्ट्र सुरक्षित रहेगा।”*
*श्री राहुल पावड़े* (पर्षद एवं पूर्व जिला अध्यक्ष, भाजपा): उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, *”राष्ट्र निर्माण की शुरुआत स्वयं के निर्माण से होती है। गायत्री परिवार द्वारा युवाओं को व्यसन मुक्ति और रचनात्मक कार्यों से जोड़ना एक क्रांतिकारी कदम है। राजनीति और समाजनीति दोनों को ही आज प्रखर और चरित्रवान युवाओं की महत्ता की आवश्यकता है।”*
*श्री राम यादव*(पर्षद एवं सभापति, महानगर पालिका, चंद्रपुर): उन्होंने कहा, *”नगर और समाज का वास्तविक विकास तभी संभव है जब हमारी युवा पीढ़ी रचनात्मक और सकारात्मक कार्यों में अपनी ऊर्जा लगाए। यह शिविर युवाओं को भटकाव से बचाकर सही दिशा देने का एक अद्भुत माध्यम बना है।”*
*251 कुंडीय गायत्री महायज्ञ की उद्घोषणा:*
इस भव्य आयोजन का सबसे मुख्य और ऐतिहासिक आकर्षण आगामी बड़े संकल्प की घोषणा रही। शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे प्रतिनिधियों श्री आशीष सिंह , डा वरुण माणिक,विदर्भ जोन समन्वयक श्री सुभाष शर्मा द्वारा *पावन ‘शक्तिकलश’ एवं ‘मशाल’ का पूर्ण श्रद्धा व विधि-विधान के साथ पूजन किया गया।* इसके साथ ही श्री सुधीर भाऊ मुनगंटीवार एवं सौ सपना ताई मुनगंटीवार के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आगामी 8 से 11 जनवरी 2027 में आयोजित होने वाले भव्य *”251 कुंडीय राष्ट्र शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ”* की आधिकारिक उद्घोषणा की गई। इस पावन घोषणा से पूरा सभागार जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
अंत में, उपस्थित सभी युवाओं ने राष्ट्र सेवा और आत्म-परिष्कार का सामूहिक संकल्प लिया। आयोजन का आभार प्रदर्शन जिला समन्वयक श्री वासुदेव राठौर ने किया। आयोजन को सफल बनाने में डा शैलेन्द्र कुमार शुक्ल समन्वयक महाराष्ट्र एवं गोवा तथा गायत्री परिवार के परिजनों ने अथक प्रयास किया।अत्यंत उत्साह, उमंग और नई ऊर्जा के संचार के साथ इस विदर्भस्तरीय युवा शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ।



